आशीष नंदी (प्रख्यात समाजशास्त्री)
प्रभाष जोशी एक बड़े पत्रकार और काफी रोचक इंसान थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां बेमिसाल हैं। वे मेरे बहुत अच्छे मित्र भी थे जब भी हम मिलते तो विभिन्न मुद्दों पर बातचीत होती ही थी, आपस में खूब हंसी-मजाक भी करते थे। उन्हें मैं काफी सम्मान देता था। हमारे बीच बहुत पुराने संबंध थे। कई मुद्दों पर हमारी राय लगभग एक ही रहती थी। इस लिहाज से उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत तौर पर काफी नुकसान हुआ है। उनके प्रोफेशन पर विचार करें तो अपने सब्जेक्ट पर उनकी बड़ी अच्छी पकड़ थी। उनका बहुत बड़ा रेंज था और जिन विषयों पर वे लिखते थे, उनके बारे में उनके पास पर्याप्त जानकारी रहती थी। सांप्रदायिकता के खिलाफ उन्होंने काफी प्रभावी लेखन किया। इसके अलावा उन्होंने खेलों पर भी काफी लिखा, खासकर क्रिकेट पर। भारतीय संस्कृति और परंपरा की उनकी समझ काफी गहरी थी। आखिर तक वे अपनी जड़ों से जुड़े रहे और काम करते रहे।